नशे में बस चलाने का आरोप, यात्रियों ने बीच रास्ते रुकवाई बस; ड्राइवर-कंडक्टर की पिटाई का वीडियो वायरल



छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। इंदौर से छिंदवाड़ा रूट पर संचालित नीलकमल सर्विस की एक निजी बस के ड्राइवर पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगा है। यात्रियों का कहना है कि चालक कई बार बस का संतुलन खो रहा था और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे बस में सवार लोगों की जान जोखिम में पड़ गई।

यात्रियों ने बीच रास्ते रुकवाई बस

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सफर के दौरान जब यात्रियों ने चालक के व्यवहार पर आपत्ति जताई तो उसकी उनसे तीखी बहस हो गई। हालात बिगड़ते देख यात्रियों ने चांदामेटा क्षेत्र में बस रुकवा दी। इसके बाद बस से उतरे चालक की एक मां और बेटी ने कथित तौर पर पिटाई कर दी।

कंडक्टर भी विवाद में कूदा

ड्राइवर के साथ मारपीट होते देख बस का कंडक्टर भी बीच-बचाव के बजाय महिलाओं से उलझ गया। इसके बाद मां-बेटी ने कंडक्टर की भी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

महिला यात्रियों से अभद्रता के भी आरोप

यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक न केवल नशे की हालत में बस चला रहा था, बल्कि सफर के दौरान कई बार बस का नियंत्रण भी खो रहा था। कुछ महिला यात्रियों ने चालक पर अभद्र व्यवहार करने के भी आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार सुबह की है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चालक वास्तव में नशे में था या नहीं और आगे किस प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post