जबलपुर में नगर निगम की सख्ती: 13 संपत्तियां कुर्क, नल कनेक्शन काटे

 



जबलपुर। शहर में बकाया कर वसूली को लेकर जबलपुर नगर निगम ने अपना रुख सख्त कर लिया है। बार-बार नोटिस और चेतावनी के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने वाले करदाताओं पर अब सीधे कुर्की और जल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर संभाग क्रमांक 2 और 11 में संयुक्त अभियान चलाकर 13 संपत्तियों को कुर्क किया गया तथा कई स्थानों पर नल कनेक्शन काट दिए गए।

निगम अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए की जा रही है। समय पर राजस्व प्राप्ति से ही सड़क, सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का संचालन संभव है।
मदन महल क्षेत्र में तालाबंदी

संभाग क्रमांक 2 के अंतर्गत मदन महल वार्ड में संभागीय अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। यहां एक करदाता द्वारा 82,827 रुपये का बकाया लंबे समय से जमा नहीं किया गया था, जिसके चलते उनके घर का नल कनेक्शन काट दिया गया।

वहीं भवन स्वामिनी श्रीमती रजनी गुलाटी पर 1,30,857 रुपये का कर बकाया पाया गया। निर्धारित समय सीमा के बाद भी राशि जमा न करने पर निगम की टीम ने संपत्ति कुर्क कर तालाबंदी कर दी और तत्काल प्रभाव से जल कनेक्शन भी विच्छेदित कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
शुभम रेसीडेंसी में चस्पा हुए कुर्की नोटिस

संभाग क्रमांक 11 के राजा गोकुलदास धर्मशाला वार्ड (वार्ड क्रमांक 67) में भी निगम की टीम ने दबिश दी। संभागीय अधिकारी कुलदीप तिवारी और राजस्व निरीक्षक कृष्ण कुमार यादव की मौजूदगी में शुभम रेसीडेंसी के विभिन्न फ्लैट्स पर कार्रवाई की गई।

भवन स्वामी पीएस आनंद के ब्लॉक सी-511, बी-310, सी-516, सी-211 सहित कई फ्लैट्स पर लाखों रुपये का कर बकाया था। प्रत्येक फ्लैट पर लगभग 44,955 रुपये से लेकर 53,866 रुपये तक की देनदारी दर्ज थी। बकाया जमा न होने पर इन सभी संपत्तियों को कुर्क कर नोटिस चस्पा कर दिए गए।

इसके अतिरिक्त ललित यादव नामक करदाता पर 34,715 रुपये की बकाया राशि को लेकर भी कार्रवाई की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post