जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के संचालक पर अभिभावक को रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हनुमानताल निवासी मोहम्मद कैयूम अंसारी गुरुवार को अपने बच्चों की फीस जमा करने नवाम्बे कॉन्वेंट हाई स्कूल, कटरा अधारताल पहुंचे थे। आरोप है कि फीस जमा करते समय 75 रुपये कम होने पर स्कूल संचालक पांडे नाराज़ हो गए और 275 रुपये अतिरिक्त देने की मांग करने लगे।
पीड़ित कैयूम अंसारी के मुताबिक, जब उन्होंने अतिरिक्त राशि को लेकर आपत्ति जताई तो संचालक उन्हें जबरन एक ऐसे कमरे में ले गए, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। आरोप है कि वहां संचालक ने अपनी रिवॉल्वर निकालकर उन पर तान दी और जान से मारने की धमकी दी। घटना से सहमे अभिभावक किसी तरह वहां से बाहर निकले और सीधे अधारताल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत के आधार पर संचालक से पूछताछ की जा रही है और स्कूल परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
फीस जैसे सामान्य विवाद का इस तरह भयावह रूप लेना न केवल चिंताजनक है, बल्कि शिक्षा संस्थानों की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े करता है। अब निगाहें पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।
