छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में ऑनलाइन ठगी का एक मार्मिक मामला सामने आया है। समोसा बेचकर परिवार का भरण-पोषण करने वाली एक महिला को ठगों ने कस्टम ड्यूटी के नाम पर करीब 2 लाख रुपए का चूना लगा दिया। आरोपियों ने स्वयं को मुंबई एयरपोर्ट का अधिकारी बताकर महिला को जेल भेजने की धमकी दी और डर का फायदा उठाकर किश्तों में रकम ट्रांसफर करवा ली।
डायमंड सेट’ के पार्सल का झांसा
पीड़िता ने कोतवाली थाना छिंदवाड़ा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे उसके मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट से जुड़ा सरकारी कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसके नाम से एक पार्सल आया है, जिसमें डायमंड सेट है।
आरोपी ने दावा किया कि पार्सल छुड़ाने के लिए कस्टम ड्यूटी जमा करनी होगी, अन्यथा कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज दिया जाएगा। धमकी से घबराई महिला ने पहले 28 हजार रुपए फोन-पे के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए।
अलग-अलग नंबरों से बनाते रहे दबाव
पहली रकम जमा होते ही ठगों का हौसला बढ़ गया। वे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर कभी 35 हजार तो कभी 28 हजार रुपए की मांग करते रहे। डर और दबाव में आकर महिला ने किश्तों में कुल करीब 2 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।अब आरोपी फिर से 28 हजार रुपए की अतिरिक्त मांग कर रहे हैं, लेकिन महिला ने असमर्थता जताई है।
जेवर तक गिरवी रखने पड़े
पीड़िता ने बताया कि वह अपने पति के साथ मिलकर समोसे की छोटी-सी दुकान चलाती है। बड़ी मेहनत से जोड़ी गई पूंजी ठगों के झांसे में चली गई। जेल जाने के डर से उसने अपने कुछ गहने तक गिरवी रख दिए थे। ठगी का एहसास होने के बाद से महिला का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों के मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कॉल से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर करने से पहले संबंधित विभाग से सत्यापन अवश्य करें।
.jpg)