तेजगढ़–जबलपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बैंड कलाकार की मौत, दो साथी गंभीर

 


जबलपुर/दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह ज़िले के तेजगढ़ क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सगौनी कला, तेजगढ़ निवासी रतनसिंह गौड़ (पेशा—बैंड वादक) बीती रात अपने दो साथियों के साथ जबलपुर एक शादी समारोह में बैंड बजाने के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे। बताया गया है कि वे गांव की शराब दुकान के सामने से आगे बढ़ ही रहे थे कि जबलपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक रतनसिंह को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े रहे। देर रात राहगीरों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। आज सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक के भाई ने बताया कि रतनसिंह ने घर से निकलते समय कहा था कि शादी समारोह का ऑर्डर मिला है और वह टेकसिंह व एक अन्य साथी के साथ कार्यक्रम के लिए जा रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post