जबलपुर में एटीएम ठगी: दो मिनट में 50 हजार पार

 



जबलपुर। शहर में एटीएम ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। मदन महल थाना क्षेत्र में एक 64 वर्षीय बुजुर्ग व्यापारी के साथ ऐसी ही वारदात सामने आई, जहां महज दो मिनट में उनके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए।

पुलिस के अनुसार उखरी रोड स्थित श्रद्धा कॉलोनी निवासी 64 वर्षीय सतीष अग्रवाल, जो गौरी फैशन गैलरी के संचालक हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बलदेवबाग शाखा में है।

बताया गया कि वे मदन महल बस स्टैंड स्थित यूनियन बैंक के एटीएम में 15,900 रुपये जमा करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद का झांसा देकर या नजर बचाकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया।
दो मिनट में खाली किया खाता

जालसाज ने कार्ड हाथ लगते ही महज दो मिनट के भीतर 10-10 हजार रुपये के पांच ट्रांजैक्शन कर कुल 50,000 रुपये निकाल लिए। जब सतीष अग्रवाल को मोबाइल पर मैसेज मिले तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
जयपुर से जुड़ा ठगी का तार

पीड़ित द्वारा बैंक से संपर्क करने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। ठगी की रकम जिस खाते में ट्रांसफर हुई, वह खाता जावेद नामक व्यक्ति के नाम पर दर्ज है। बैंक अधिकारियों के अनुसार उक्त खाता राजस्थान के जयपुर शहर से संबंधित है। फिलहाल खाते को फ्रीज कर दिया गया है।
पुलिस कर रही जांच

मदन महल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में यह कार्ड स्वैपिंग गिरोह की करतूत प्रतीत हो रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post