पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान अवैध हथियार रखने वाले 53 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से चाकू, तलवार और बका जैसे धारदार हथियार बरामद किए गए। वहीं, अलग कार्रवाई में पांच शातिर बदमाशों को पिस्टल, देशी कट्टा और कारतूस के साथ दबोचा गया।
नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। गांजा तस्करी के आरोप में पांच तस्करों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 33 किलो 746 ग्राम गांजा जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में लापता बच्चों की तलाश के लिए गठित विशेष टीमों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। पतासाजी कर 27 गुमशुदा बालक-बालिकाओं को दस्तयाब कर सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस की इस सघन कार्रवाई से स्पष्ट है कि शहर में अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती का दौर जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जबलपुर में कानून का राज कायम रहे और आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।
