जबलपुर। अवैध रूप से डीजल परिवहन और बिक्री की सूचना पर सक्रिय हुई चरगवां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 75 लीटर डीजल के साथ दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डीजल सहित मोटरसाइकिल जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गंगई से गोटेगांव की ओर डीजल बेचने के उद्देश्य से आ रहे बाइक सवार लक्ष्मण पटैल (36) पिता स्व. रेवाराम पटेल, निवासी ग्राम डगडगा हिनौता तिलवारा को केदारपुर रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में बंधे तीन कुप्पों की जांच की गई, जिनमें कुल 75 लीटर डीजल पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 हजार रुपये बताई गई है।
चरगवां पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीनों कुप्पों में भरा डीजल एवं डीजल परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एन ए 5270 जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि अवैध ईंधन कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
