नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर ब्रिज से नीचे जा गिरी, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों में सात की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह हादसा बरमान के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर स्थित ओवरब्रिज पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप अचानक बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद सीधे ब्रिज से नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
मजदूरी करने आ रहे थे सभी श्रमिक
पुलिस के मुताबिक वाहन में सवार सभी मजदूर छिंदवाड़ा जिले के सुरला खापा गांव के निवासी थे। वे रबी की फसल की कटाई के लिए नरसिंहपुर आ रहे थे। हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने संभाली राहत की कमान
दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालकर करेली अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार आधा दर्जन से अधिक घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने और डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
