खजरी खिरिया में 50 लाख का अवैध स्क्रैप कारोबार बेनकाब



क्राइम ब्रांच और अधारताल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, आधा कटा ट्रक और कई वाहन जब्त

जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत खजरी खिरिया स्थित एक गैरेज में लंबे समय से चल रहे अवैध वाहन कटिंग और स्क्रैप कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और अधारताल पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर लगभग 50 लाख रुपये कीमत के वाहन, कटे हुए पार्ट्स और गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।

 मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी



अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव तथा उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से गैरेज की घेराबंदी की।

मौके पर छोटी ओमती निवासी आतिफ अली पिता मुजफ्फर अली अवैध रूप से वाहनों की कटिंग करते पाया गया। जांच के दौरान ट्रक क्रमांक MP 46 H 0163 आधा कटा हुआ मिला, जबकि उसके पार्ट्स अन्य ट्रकों में लोड किए जा रहे थे।

 बिना अनुमति के ‘वाहन नष्ट’ करने का खेल



तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक क्रमांक DL 1P 1469 और MP 20 G 9040 में भारी मात्रा में कटा हुआ स्क्रैप लोड मिला। इसके अतिरिक्त गैरेज परिसर में इंडिका विस्टा, सेंट्रो सहित अन्य कारें भी खड़ी पाई गईं।

जब गैरेज संचालक से वाहनों के दस्तावेज और कटिंग का वैध लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने मौके से दो एचपी कंपनी के गैस सिलेंडर, दो ऑक्सीजन सिलेंडर और बिना नंबर का इंजन भी जब्त किया।

 विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज



प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी शासन के नियमों का उल्लंघन कर बिना रजिस्ट्रेशन निरस्त कराए और मोटर वाहन कर का भुगतान किए बिना वाहनों को काटकर अवैध लाभ कमा रहा था।

अधारताल पुलिस ने आरोपी आतिफ अली के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 01/26 के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106, बीएनएस की धारा 318(1), 61(2) तथा मध्य प्रदेश मोटर वाहन कराधान अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post