जबलपुर। प्रदेश का बजट विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बजट में क्षेत्र के समग्र विकास, निवेश प्रोत्साहन और बेहतर जीवन गुणवत्ता की दिशा को साकार करने के प्रावधान किये गए हैं। सरकार के इस बजट से शहर और प्रदेश दोनों चमकेंगे। क्योंकि जबलपुर में 382 करोड़ के 34 निर्माण कार्यों को बजट में स्वीकृति दी गई है। ये सारी बातें लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अभ्युदय मप्र बजट 2025-26 विषय पर रविवार को आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान दी।
इस दौरान उन्होनें ये भी कहा कि मध्यप्रदेश, देश का पहला प्रदेश है जिसने ईको- संवेदनशील ज़ोनल मास्टर प्लान बनाने का कार्य शुरू हो चुका है। ओंकारेश्वर, भोजपुर, सलकनपुर, रायसेन कला, जानापाहा, भेड़ाघाट से लेकर चौंसठ योगिनी और नरसिंह कला में रोप-वे कार्य प्रस्तावित है। मतलब जल्द ही जबलपुर के भक्त अब रोप वे के माध्यम से चौंसठ योगिनी मंदिर पहुंचेंगे।
जबलपुर सहित प्रदेश में 472 ई बसों का हो रहा संचालन
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि प्रधान मुख्यालय के उद्देश्य से पीएम ई-बस सेवा अंतर्गत कुल 972 इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन की स्वीकृति दी गई है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर और उज्जैन में 472 ई-बसों का संचालन हो रहा है। हरित विकास को प्रोत्साहित किए जाने हेतु मध्यप्रदेश ई-वाहन नीति 2025 प्रभावशील की गई है।
इस तरह मिलेंगीं सौगातें
लोक निर्माण मंत्री के अनुसार लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के अंतर्गत अब तक 52 लाख 29 हजार बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। इसके साथ ही योजना में 14 लाख 12 हजार बालिकाओं को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई है। इस योजना के लिए 71,801 करोड़ का प्रावधान प्रस्तावित है। नवीन प्रस्तावित ‘यशोदा दुग्ध प्रदाय योजना के अंतर्गत कक्षा 8 तक के प्रत्येक विद्यार्थी को अतिरिक्त पोषण प्रदान करने के उद्देश्य से टेट्रा पैक में दुग्ध प्रदान किया जाएगा। प्रदेश में सड़क नेटवर्क मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। 12,690 करोड़ सड़क मरम्मत, ग्रामीण-शहरी सड़क नेटवर्क विस्तार और कनेक्टिविटी सुधार के लिए आवंटित किया जाएगा। प्रदेश को अंतरिक्ष विज्ञान के नवीन क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ‘मध्यप्रदेश स्पेसटेक नीति 2026Ó का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा। देश को टेलीकॉम क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैकरिंग जोन की स्थापना की दिशा में कार्यवाही प्रचलित है।
ये रहे उपस्थित
पत्रकार वार्ता में महानगर जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिंकूज विज, मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू, सह मीडिया प्रभारी रवि शर्मा, नितिन भाटिया उपस्थित थे।
