एआई इंपैक्ट समिट को लेकर जबलपुर में सियासी संग्राम, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
रसल चौक पर पुतला दहन, भारी पुलिस बल तैनात; दोनों दलों ने एक-दूसरे पर साधा निशाना
जबलपुर। दिल्ली में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट को लेकर मध्यप्रदेश की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है। जबलपुर के रसल चौक पर सोमवार को भाजपा और कांग्रेस के बीच जमकर राजनीतिक टकराव देखने को मिला। भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर राहुल गांधी का पुतला दहन किया, तो इसके जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।
भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रसल चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
अश्विनी परांजपे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह कृत्य देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि “देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली घटनाओं के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। महिला मोर्चा भी पूरी मजबूती के साथ खड़ा है।”
प्रदर्शन के दौरान रूपा राव, अर्चना अग्रवाल, आस्मिता सिंह, प्रतिभा भापकर, लवलीन आनंद, मधुबाला राजपूत, कविता रैकवार, कृष्णा दास चौधरी, लक्ष्मी जय चक्रवर्ती और विभा उपाध्याय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
कांग्रेस का जवाबी वार
भाजपा के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कांग्रेस भी सक्रिय हो गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार के राजनीतिक प्रदर्शन करा रही है। सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि देश महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर सवालों से जूझ रहा है, लेकिन भाजपा इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय विरोध की राजनीति कर रही है।
इस दौरान चिंटू चौकसे, अतुल बाजपेयी, मनीष चंसोरिया, अमरीश मिश्रा, रितेश गुप्ता, सोनू कुकरेले, विजय जैन चुन्ना, रितेश अग्रवाल, सरबजीत सिंह रोल, अमर रजक, अभ्युत बाजपेयी, शिशांत सिंह ठाकुर, भावना निगम, आभा पटैल, कमलेश यादव, कीर्ति ठाकुर, भानु यादव, दिलीप साहू, रज्जू सराफ, रितेश नोतनानी, कैलाश ठाकुर, पवन कनौजिया, बलवंत गूजर, भरत पटेल, समर्थ अवस्थी, आशुतोष वत्स, सिद्धांत जैन, रविन्द्र गौतम, आसिफ कुरैशी, जयंत मिश्रा, विक्रम ठाकुर, जय ठाकुर, इमरान हुसैन, असलम खान और अभिषेक पाठक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
