जबलपुर: माढ़ोताल में चेन स्नेचिंग करने वाले दो युवक गिरफ्तार, 7 लाख का रानी हार बरामद

 


जबलपुर। शहर के माढ़ोताल क्षेत्र में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत का सोने का रानी हार बरामद किया गया है।

माढ़ोताल थाना के थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि लूट के मामले में अधारताल निवासी प्रिंस हल्दकार और तनिष्क कोरी को पकड़ा गया है। घटना के बाद पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।

जांच के दौरान घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में संदिग्धों की पहचान कर मुखबिरों को सक्रिय किया गया। तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दीनदयाल बस स्टैंड के पास दबिश देकर दोनों आरोपियों को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया।

थाने लाकर की गई सघन पूछताछ में आरोपियों ने 9 फरवरी को कटंगी बायपास स्थित बजरंग नगर में एक महिला से हार छीनने की वारदात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि छीना गया हार उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स में छिपा रखा था।

तनिष्क की निशानदेही पर लगभग 5 तोला वजनी रानी हार, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद कर लिया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेड क्यू 9134 भी जब्त की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post