जबलपुर। प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार शनिवार को जबलपुर प्रवास पर रहे। वे मानकुंवर बाई कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय तथा शासकीय मोहनलाल हरगोविंद दास गृह विज्ञान महिला महाविद्यालय द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
कार्यक्रम के दौरान होम साइंस कॉलेज के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने कॉलेज से जुड़ी शैक्षणिक, व्यवस्थागत एवं छात्र हितों से संबंधित मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
कार्यक्रम समाप्ति के बाद मंत्री इंदर सिंह परमार स्वयं बाहर आए और प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान परिसर के बाहर बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
