रांझी में चला मोबाइल कोर्ट: सड़क पर ही लगी अदालत, डेढ़ दर्जन से अधिक वाहन चालकों पर त्वरित कार्रवाई



जबलपुर। रांझी क्षेत्र की सड़कों पर आज सुबह का दृश्य कुछ बदला-बदला नजर आया। आम दिनों की तुलना में यहां पुलिस की सख्ती और न्यायिक व्यवस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ चलित न्यायालय (मोबाइल कोर्ट) के माध्यम से मौके पर ही कार्रवाई की गई।

सड़क के दोनों ओर तैनात पुलिसकर्मी नियमों की अनदेखी कर रहे वाहन चालकों को रोककर सीधे मोबाइल कोर्ट वैन तक ले जा रहे थे। वैन में मौजूद न्यायाधीश ने हेलमेट न पहनने, दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने, बिना लाइसेंस वाहन चलाने तथा अधूरे दस्तावेज रखने वालों को समझाइश देते हुए तत्काल चालानी कार्रवाई की।

दो घंटे चली कार्रवाई, क्षेत्र में हड़कंप

जानकारी के अनुसार, यह अभियान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर चलाया गया। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही। डेढ़ दर्जन से अधिक वाहन चालकों के विरुद्ध त्वरित जुर्माने की कार्रवाई की गई।

इस विशेष अभियान में ट्रैफिक पुलिस और थाना पुलिस का संयुक्त अमला मोबाइल कोर्ट के साथ सड़क पर उतरा। बिना बीमा, वैध कागजातों के अभाव, क्षतिग्रस्त या बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।

मोबाइल कोर्ट देखकर लौटे कई चालक

कार्रवाई की भनक लगते ही कई वाहन चालक दूर से ही रास्ता बदलते या वापस लौटते दिखाई दिए। विशेष रूप से तीन सवारी बैठाकर चलने वाले और बिना लाइसेंस वाहन चला रहे लोग कार्रवाई से बचने का प्रयास करते नजर आए।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि चलित न्यायालय के माध्यम से मौके पर ही न्यायिक प्रक्रिया पूरी की गई और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। उनका कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से आमजन में नियमों के पालन के प्रति गंभीरता बढ़ेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post