जबलपुर में एनएसए की बड़ी कार्रवाई: शातिर बदमाश संजू पटेल के खिलाफ सख्त कदम



जबलपुर। शहर में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक और कुख्यात बदमाश को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत गिरफ्तार कर सख्त संदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर जिला दण्डाधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने शातिर बदमाश संजू पटेल के विरुद्ध एनएसए के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया।

थाना रांझी पुलिस ने वारंट का पालन करते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया है।

27 आपराधिक प्रकरण दर्ज


थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी के अनुसार संजू पटेल (25), पिता कृष्ण कुमार पटेल, निवासी पुरानी बस्ती विश्वकर्मा मोहल्ला, थाना रांझी, वर्ष 2017 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, अवैध वसूली, चोरी, आबकारी एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित कुल 27 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई, लेकिन आरोपी ने अपनी आदतों में सुधार नहीं किया और लगातार अपराधों को अंजाम देता रहा।

क्षेत्र में भय का माहौल

पुलिस के अनुसार आरोपी की गतिविधियों के चलते क्षेत्र में भय और आतंक का वातावरण बन गया था। स्थानीय लोग उसके डर से शिकायत दर्ज कराने और सूचना देने से भी कतराते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी का स्वच्छंद विचरण किसी भी समय जन-जीवन के लिए खतरा बन सकता था।

इसी परिप्रेक्ष्य में पुलिस अधीक्षक द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3 सहपठित धारा 2 के अंतर्गत कार्यवाही प्रस्तावित की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तैयार हुआ प्रकरण

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में एनएसए का विस्तृत प्रकरण तैयार कर जिला दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

दस्तावेजों और आपराधिक इतिहास के परीक्षण के बाद जिला दण्डाधिकारी ने आरोपी की गतिविधियों को गंभीर मानते हुए एनएसए के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया। आदेश के पालन में संजू पटेल को गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कर दिया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post