जबलपुर। संस्कारधानी में बेखौफ चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिसकर्मियों के घरों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र की गौर चौकी अंतर्गत सालीवाड़ा स्थित सिग्मा कान्हा कॉलोनी का है, जहां ग्वारीघाट थाना में पदस्थ आरक्षक मनोज कुमार झारिया के सूने मकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार आरक्षक मनोज कुमार झारिया अपने परिवार सहित मंडला में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान नंबर ई-22 का मुख्य दरवाजा और अंदर रखी अलमारी के ताले तोड़ दिए। परिवार के लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और भीतर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
चोरी गए सामान में करीब 20 ग्राम के सोने के कंगन, छह सोने के हार, मंगलसूत्र, लॉकेट, सोने की लौंग सहित चांदी के भारी जेवरात—पायल, चूड़ियां, चेन और ब्रेसलेट शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखी लगभग 25 हजार रुपए की नकदी भी गायब पाई गई। प्राथमिक आकलन के अनुसार चोरी की कुल कीमत लाखों रुपए में बताई जा रही है।
पीड़ित आरक्षक की शिकायत पर बरेला थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
