रिश्तों का खूनी अंत: मानसिक विक्षिप्त बेटे ने पूरे परिवार को किया खत्म

  




बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सावंगा में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। यहां एक 25 वर्षीय युवक ने अपनी मां, पिता और छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी युवक को मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार-गुरुवार की रात की बताई जा रही है। युवक ने लाठी और लोहे की रॉड से अपने माता-पिता और छोटे भाई पर बेरहमी से हमला किया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शवों के साथ ही घर के अंदर बंद हो गया और पूरी रात वहीं बैठा रहा। सुबह गांव वालों को घर से कुछ संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। जब कुछ ग्रामीणों ने झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए – घर के अंदर तीन शव पड़े थे और युवक उनके पास बैठा था।


ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मौत लाठी-रॉड से सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण हुई है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया है, लेकिन वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। कुछ परिजन और ग्रामीणों का कहना है कि युवक लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था और इलाज भी चल रहा था।

Post a Comment

Previous Post Next Post