जबलपुर में आधी रात का कहर: बेकाबू कार ने मचाया आतंक, पुलिसकर्मी समेत तीन गंभीर घायल

 



जबलपुर। शहर की सड़कों पर बीती रात एक तेज रफ्तार कार ने ऐसा तांडव मचाया कि लोग दहशत में आ गए। करीब रात 12 बजे मैरून रंग की एमजी हेक्टर कार ने अपनी बेकाबू रफ्तार से भंवरताल गार्डन क्षेत्र से कहर बरपाना शुरू किया और रसल चौक, इनकम टैक्स ऑफिस होते हुए आखिरकार सिंधिया पार्क की दीवार से टकराकर रुकी।

पुलिस के अनुसार, सबसे पहले कार ने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को टक्कर मारी। इसके बाद दो से तीन कारें और इतनी ही मोटरसाइकिलें इसकी चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार एक मोटरसाइकिल को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

इस भीषण हादसे में 14 वर्षीय किशोर और पुलिसकर्मी आदित्य कौरव सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया। उसकी पहचान अनुराग सोनी के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे की हालत में वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद उसे भी चोटें आईं, जिसके चलते उसे उपचार के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। क्षतिग्रस्त वाहनों का आकलन किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

आधी रात का यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है। सवाल यह है कि आखिर शहर की सड़कों पर ऐसी लापरवाही पर लगाम कब लगेगी?



Post a Comment

Previous Post Next Post