खितौला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत से भरा डंपर जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

 


जबलपुर। अवैध खनन और रेत माफियाओं पर शिकंजा कसते हुए खितौला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने चोरी की रेत से भरे एक डंपर को जब्त करते हुए चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झिंगरई की ओर से एक डंपर में अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झिंगरई चौराहे पर घेराबंदी कर दबिश दी।

कुछ ही देर बाद डंपर क्रमांक एमपी 20 जीए 2144 वहां आता दिखाई दिया, जिसमें रेत भरी हुई थी। पुलिस ने तत्काल वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम रामकृपाल बर्मन (40 वर्ष), निवासी ग्राम जुनवानी कला, थाना खितौला बताया।

जब उससे रेत से संबंधित रॉयल्टी और अन्य वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि रेत चोरी की खदान से भरकर रंजीत पटेल निवासी ग्राम झिंगरई के कहने पर गांव में बेचने के लिए ले जाई जा रही थी।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रंजीत पटेल (29 वर्ष) को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। उसने कबूल किया कि वह चोरी की रेत अपने घर के पास स्टॉक कर रखता था और ऑर्डर मिलने पर डंपर के माध्यम से सप्लाई करता था।

पुलिस ने आरोपी रामकृपाल बर्मन के कब्जे से डंपर सहित लदी हुई रेत जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(5), खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130/177(3) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post