डिंडौरी में बूचड़खाने ले जाए जा रहे 23 मवेशी जब्त, मिनी ट्रक पकड़ा ... एक गिरफ्तार, दो फरार



डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बूचड़खाने ले जाए जा रहे 23 मवेशियों को मिनी ट्रक सहित जब्त कर लिया। कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम इमलई पहाड़ी के पास की गई। मौके से वाहन चालक और खलासी फरार हो गए, जबकि एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, रात करीब ढाई बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम इमलई की पहाड़ी के पास एक डाला-बॉडी वाहन में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर क्रूरतापूर्वक भरा गया है और उन्हें जबलपुर स्थित बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी।

जबलपुर और दमोह के निवासी हैं आरोपी

मौके पर वाहन क्रमांक एमपी 20 एक्सबी 5439 के पास खड़े सहबाज कुरैशी (26) पिता मो. रईस कुरैशी, निवासी शास्त्री वार्ड, सेल्टर हाउस रोड, टक्कर ग्राम जबलपुर को गिरफ्तार किया गया। जबकि वाहन चालक रिजवान खान (27) निवासी दमोह और खलासी राजा कुरैशी (25) निवासी मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मौके से फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी सहबाज कुरैशी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि 23 भैंसों को वाहन में भरकर इमलई से जबलपुर बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन सहित सभी मवेशियों को जब्त कर उन्हें कांजी हाउस भिजवा दिया है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे, एसआई भूपेंद्र पाठक, एएसआई मुकेश बैरागी, प्रधान आरक्षक आदित्य शुक्ला, विकास पटेल, निलेश साहू, प्रवेश पटेल, अवनीश यादव, हेमंत झारिया और कैलाश द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post