मेहंदी लगे हाथ, अधूरी रह गई मोहब्बत...सिमरिया में युवती की हत्या



जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के तिलवारा क्षेत्र में रहने वाली एक युवती की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। तनु नामक युवती की लाश सिमरिया-रैगवां के पास खेत किनारे खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना वेलेंटाइन डे के दिन की बताई जा रही है, जिसकी शिनाख्त अब परिजनों द्वारा कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के तिलवारा निवासी ईशु नामक युवक से प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी। परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम तनु घर से यह कहकर निकली थी कि वह शादी के इरादे से जा रही है। उसने अपने हाथों पर मेहंदी लगाई थी, जिसमें ‘ईशु-तनु’ लिखा हुआ था।

रविवार सुबह खेत के पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने खून से सना शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवती के सिर पर पत्थर से वार किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई गई।

सोशल मीडिया पर वायरल फोटो देखने के बाद तनु के माता-पिता थाने पहुंचे। कपड़ों के आधार पर उन्हें आशंका हुई कि शव उनकी बेटी का हो सकता है। बाद में पुलिस के साथ मर्चुरी पहुंचकर उन्होंने शव की शिनाख्त की।

परिजनों ने ईशु पर संदेह जताया है और आशंका व्यक्त की है कि घटना में उसका हाथ हो सकता है। घटना के बाद से युवक भी लापता बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने युवती की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post