जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर चौराहे पर वाहन टच होने की मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने दो अधिवक्ताओं के साथ मारपीट की, उन्हें जमीन पर गिराकर ड्रेस फाड़ दी और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ललित कॉलोनी निवासी अधिवक्ता यशवंत कुमार मानकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे अपनी साथी अधिवक्ता सोनाली बावरिया के साथ किशोर न्यायालय से कार्य निपटाकर लौट रहे थे। इसी दौरान कांचघर चौराहे पर वाहन क्रमांक एमपी 20 के एन 7206 के चालक ने गाड़ी टच होने की बात को लेकर विवाद खड़ा कर दिया।
आरोपी ने अधिवक्ताओं की कार के सामने अपनी मोटरसाइकिल अड़ा दी। विरोध करने पर उसने अधिवक्ता यशवंत मानकर की कॉलर पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इस दौरान आरोपी ने अभद्र व्यवहार करते हुए उनकी ड्रेस भी फाड़ दी और जान से मारने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि आरोपी के साथ बैठी एक महिला घटना के दौरान वहां से भाग निकली।
मोबाइल में कैद हुई घटना
विवाद बढ़ता देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। साथी अधिवक्ता सोनाली बावरिया ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
