अमृत जल-2 योजना ने पकड़ी रफ्तार, तलपुर निर्माण कार्यों का निगमायुक्त ने किया निरीक्षण

 



जबलपुर। शहरवासियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित अमृत जल-2 योजना अब तेज़ी से ज़मीन पर उतरती नज़र आ रही है। इसी क्रम में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने तलपुर पहुंचकर निर्माणाधीन कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे हों।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने बताया कि लगभग 312 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य शहर के उन क्षेत्रों तक भी नर्मदा जल पहुंचाना है, जो अब तक इससे वंचित रहे हैं। तलपुर स्थित निर्माण स्थल पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी ली।

निगमायुक्त ने कहा कि तलपुर में बन रहा यह प्रोजेक्ट भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ विकसित किया जा रहा है। यहां 135 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) क्षमता का विशाल इंटेकवेल तैयार किया जा रहा है। जल शोधन एवं आपूर्ति के लिए 605 केवी क्षमता के वीटी पंप और वर्टिकल टर्बाइन पंप स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 33 केवी का स्वतंत्र सब-स्टेशन भी निर्माणाधीन है।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने ठेकेदारों, कंसल्टेंट्स और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य दिन-रात मेहनत कर गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर के जल भविष्य से जुड़ी है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post