फर्जी नियुक्ति पत्र का खुलासा: जनसुनवाई में पहुंची युवती से 20 हजार की ठगी, FIR के निर्देश





जबलपुर। संस्कारधानी में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती नगर निगम कमिश्नर के समक्ष कथित नियुक्ति पत्र लेकर पहुंची। दस्तावेज की जांच में यह नियुक्ति पत्र फर्जी पाया गया, जिससे पूरे मामले में धोखाधड़ी की आशंका स्पष्ट हो गई।

जानकारी के अनुसार युवती ने बताया कि उसे नगर निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 20 हजार रुपए भी वसूले गए हैं। जैसे ही कमिश्नर ने नियुक्ति पत्र की पड़ताल की, पहली नजर में ही दस्तावेज संदिग्ध प्रतीत हुआ और पुष्टि के बाद उसे फर्जी करार दिया गया।

नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि जनसुनवाई में आई युवती के पास जो नियुक्ति पत्र था, वह निगम कार्यालय से जारी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि यह सीधा-सीधा धोखाधड़ी का मामला है, जिसमें अज्ञात व्यक्तियों द्वारा युवती को ठगा गया है।

कमिश्नर ने युवती को तत्काल निगम अधिकारियों के साथ पुलिस थाने भेजते हुए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के मामलों में शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है, ताकि जालसाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके और अन्य लोग भी ऐसे ठगों के झांसे में आने से बच सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post