कटनी-एनकेजे के पास पटरी से उतरे कोयला लोड मालगाड़ी के 4 डिब्बे, बिलासपुर रूट पर रेल यातायात प्रभावित



जबलपुर/कटनी। कटनी-बिलासपुर रेल मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया, जब कोयला लोड मालगाड़ी के चार डिब्बे कटनी एनकेजे के पास पटरी से उतर गए। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसे के कारण इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह बिलासपुर की ओर से आ रही कोयला लोड मालगाड़ी के लगभग चार डिब्बे कटनी के गायत्री नगर आउटर के पास अचानक पटरी से उतर गए। यह मालगाड़ी सुबह करीब 11 बजे कटनी पहुंचने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही उसके पहिए पटरी से उतर गए।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन अलर्ट हो गया। रेलवे के अधिकारी, जीआरपी और आरपीएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव दल द्वारा पटरी से उतरे डिब्बों को दोबारा लाइन पर लाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

इस घटना के कारण कटनी-बिलासपुर रेल मार्ग पर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। जबलपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि कटनी मुड़वारा-एनकेजे सेक्शन के बीच एक गुड्स ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हुई है, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि रेलवे का स्टाफ मौके पर मौजूद है और जल्द से जल्द यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

मार्ग परिवर्तित ट्रेनें:

  1. गाड़ी संख्या 18009 संतरागाछी-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस 7 मार्च को कटंगी खुर्द–हरदुआ के बीच ग्रेड सेपरेटर मार्ग से होकर गुजरेगी।

  2. गाड़ी संख्या 11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस 7 मार्च को न्यू कटनी जंक्शन–कटनी मार्ग से होकर जबलपुर पहुंचेगी।

  3. गाड़ी संख्या 11265 जबलपुर-अम्बिकापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 7 मार्च को कटनी–एनकेजे होकर अपने गंतव्य जाएगी।

  4. गाड़ी संख्या 11266 अम्बिकापुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 7 मार्च को एनकेजे–कटनी मार्ग से होकर जबलपुर पहुंचेगी।

शॉर्ट टर्मिनेट / शॉर्ट ओरिजिनेट ट्रेनें:
5. 68747 बिलासपुर-कटनी मेमू ट्रेन 7 मार्च को झलवारा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट की गई है।
6. 68748 कटनी-बिलासपुर मेमू ट्रेन झलवारा स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।
7. 61601 कटनी-चिरमिरी मेमू ट्रेन झलवारा से शुरू की जाएगी।
8. 61602 चिरमिरी-कटनी मेमू ट्रेन झलवारा स्टेशन पर ही समाप्त होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post