जबलपुर। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार 7 मार्च को गोरखपुर अनुभाग के अंतर्गत आने वाले नर्मदा तट के ग्राम ललपुर में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। स्थानीय निवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी गोरखपुर अनुराग सिंह के निर्देशन में की गई।
मौके पर पहुंची खनिज विभाग और पुलिस बल की टीम ने ग्राम ललपुर में अवैध रूप से संग्रहित कर रखी गई भारी मात्रा में रेत को अपने कब्जे में ले लिया। प्रशासनिक आकलन के अनुसार जब्त किया गया रेत का जखीरा करीब 5 डम्पर का था, जिसे रेत माफियाओं द्वारा अवैध विक्रय के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने जब्त की गई पूरी रेत को मौके पर ही मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया, ताकि इसका दोबारा व्यावसायिक उपयोग न किया जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि नर्मदा तट पर अवैध उत्खनन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
