जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार भूलन बस्ती निवासी रोहन कोल (19 वर्ष) ने थाना लार्डगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह मोहल्ले में मिक्सर प्लांट के पास खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले का ही ध्रुव कोल वहां पहुंचा और उससे शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा।
रोहन द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पैसे नहीं मिलने पर ध्रुव कोल ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक चाकू निकालकर रोहन पर हमला कर दिया। आरोपी ने रोहन की पीठ में चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया।
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल युवक की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 296(ए), 115(2), 118(1), 119(1), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
