छेड़छाड़ विवाद में हुई हत्या के बाद नया मोड़: आरोपी की बहन ने लगाई फांसी, गांव में सनसनी



जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के मझौली थाना क्षेत्र के पडुआ गांव में होली के दिन हुए हत्या कांड के बाद मामला अब और पेचीदा हो गया है। हत्या के आरोपी मयंक सेन की बहन साक्षी सेन (20) ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से गांव में फिर सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बताया गया है कि धुरेड़ी के दिन पडुआ गांव में मयंक सेन ने अपनी बहन के साथ छेड़छाड़ और घूरने की बात से नाराज होकर अज्जू ठाकुर नामक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इस घटना से गांव में पहले ही तनाव और सनसनी का माहौल था।

इसी बीच हत्या के आरोपी मयंक सेन की बहन साक्षी सेन ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। साक्षी की मौत की खबर सामने आते ही गांव में एक बार फिर हड़कंप मच गया। जिसने भी यह खबर सुनी वह स्तब्ध रह गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला और जटिल नजर आ रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक अज्जू ठाकुर और साक्षी के बीच किसी प्रकार का संबंध था या आत्महत्या की कोई अन्य वजह है। इसके लिए पुलिस कॉल डिटेल खंगालने के साथ-साथ परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

यह है घटनाक्रम

पुलिस पूछताछ में साक्षी की मां मीराबाई सेन (40) ने बताया कि घटना वाले दिन वह बैंक के काम से मझौली जा रही थीं। उन्होंने बेटी साक्षी से भी साथ चलने को कई बार कहा, लेकिन साक्षी ने मना कर दिया। इसके बाद मीराबाई बैंक चली गईं।

इसी दौरान साक्षी ने कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब मीराबाई घर लौटीं तो उन्होंने देखा कि साक्षी फंदे पर झूल रही है। बेटी को इस हालत में देखकर वह चीख पड़ीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते गांव में भीड़ जमा हो गई।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post