सदर का ‘सट्टा किंग’ रीतेश चौकसे पुलिस के शिकंजे में, शहर के कई ठिकानों पर दबिश; 5 सटोरिये रंगे हाथ गिरफ्तार




जबलपुर। शहर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में सदर का कुख्यात सटोरिया रीतेश चौकसे उर्फ चूना बुधवार रात पुलिस के शिकंजे में आ गया। पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर सट्टा-पट्टी लिखने वाले अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सट्टा-पट्टी और नकदी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान रीतेश चौकसे उर्फ चूना सहित कुल 5 सटोरियों को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। वहीं सट्टा खिलाने वाला आरोपी शेखर सोनकर भी पुलिस की गिरफ्त में आया है।

केण्ट थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र पटले ने बताया कि गली नंबर 16 सदर में दबिश के दौरान रीतेश चौकसे अपने घर के बाहर कागज पर सट्टा लिखते हुए दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने कागज फाड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

बेलबाग थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटकर के अनुसार भानतलैया पानी की टंकी के पास पुरानी कलारी के पीछे सट्टा-पट्टी लिखते हुए रोहित सोनकर को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह शेखर सोनकर के कहने पर सट्टा लिख रहा था।

इसी तरह सिविल लाइन थाना प्रभारी अनूप नामदेव ने बताया कि पावर हाउस स्थित इंदिरा मार्केट में सट्टा-पट्टी लिखते हुए निखिल सोनकर को पकड़ा गया। वहीं मुखबिर की सूचना पर इंदिरा मार्केट में ही दबिश देकर अशोक कलार को भी सट्टा लिखते हुए गिरफ्तार किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post