जबलपुर में दो अलग-अलग हमलों से सनसनी, दामाद ने सास का सिर फोड़ा, युवक पर नुकीले हथियार से वार



जबलपुर। शहर में रविवार को हुई दो अलग-अलग हिंसक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हनुमानताल थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया, वहीं दूसरी घटना में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हमला कर दिया गया।

पहली घटना प्रेमसागर इलाके की है, जहां सास-दामाद के रिश्ते को शर्मसार करते हुए एक युवक ने अपनी सास पर लाठी से हमला कर दिया। हनुमानताल पुलिस के मुताबिक प्रेमसागर निवासी सुमन डागौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका दामाद विशाल रैकवार आए दिन उसकी बेटी माही रैकवार के साथ मारपीट करता है।

रविवार सुबह करीब 10:15 बजे जब सुमन अपनी बेटी के घर पहुंची, तो उसने देखा कि विशाल, माही के साथ मारपीट कर रहा था। सुमन ने बीच-बचाव किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने डंडे से हमला कर सुमन के सिर में गंभीर चोट पहुंचा दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

वहीं दूसरी घटना दारूल उलूम क्षेत्र की है। यहां निवासी रासिद अंसारी ने पुलिस को बताया कि वह ऑटो चालक है और रविवार को अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान चिन्टू उर्फ इस्लाम वहां पहुंचा और एक दिन पहले उसके भांजे सोहेले से हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगा।

रासिद द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने नुकीली वस्तु से हमला कर उसकी गर्दन में चोट पहुंचा दी।

दोनों ही मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लगातार बढ़ती ऐसी घटनाएं शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post