दमोह। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 पेटी (करीब 2000 पाव) देसी शराब और एक चारपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 22 मार्च 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कटनी-जबलपुर बायपास स्थित ठाकुर बाबा मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान वाहन से 2000 पाव (लगभग 360 लीटर) अवैध देसी शराब बरामद की गई। साथ ही सफेद रंग की TUV (क्रमांक MP07 CE 5990) को भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- गिरीशर्मी (23 वर्ष), निवासी ग्राम कुण्डई, थाना रहली, जिला सागर
- चंद्रमान उर्फ चंदू विश्वकर्मा (30 वर्ष), निवासी आजाद वार्ड, गढ़ाकोटा, जिला सागर
फरार आरोपी:
- जितेंद्र सिंह राजपूत
- गोविंद भारद्वाज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि शराब की सप्लाई शासकीय शराब दुकान से जुड़े लोगों के माध्यम से की जा रही थी। इस आधार पर दो अन्य व्यक्तियों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
जब्त सामग्री:
- 40 पेटी देसी शराब – अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपये
- TUV वाहन – अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये
- कुल कीमत – 5.40 लाख रुपये
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 288/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
