लोकसभा में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव को लेकर अपना संबोधन दिया है. उन्होंने कहा कि मिडिल एशिया देशों के हालात काफी खराब हैं. पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा के लिए भारत सरकार प्रतिबद्ध है. इसके अलावा उन्होंने कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी चिंता जताई है. पीएम मोदी ने कहा कि इस समय दुनियाभर में हालात मुश्किल भरे हैं. जिसका असर लंबे समय तक देखने को मिल सकता है. इसके लिए हमें कोविड की तरह तैयार रहना चाहिए.
लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा, “मैं पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और इस कारण भारत में आई समस्या पर बात रखने के लिए उपस्थित हुआ हूं. वहां हालात काफी चिंताजनक हैं. इस संकट को 3 सप्ताह से ज्यादा हो रहा है. इससे पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था और लोगों के जीवन पर विपरीत असर हो रहा है. भारत के सामने भी इस युद्ध ने अप्रत्याशित चुनौतियां खड़ी की हैं.”
मिडिल ईस्ट संकट पर पीएम मोदी ने कहा, “भारत के उन देशों के साथ बड़े पैमाने पर ट्रेड रिलेशन हैं, जो लड़ाई में हैं और लड़ाई से प्रभावित हैं. जिस इलाके में लड़ाई हो रही है, वह दुनिया भर के दूसरे देशों के साथ हमारे ट्रेड के लिए भी एक जरूरी रास्ता है, खासकर हमारी क्रूड ऑयल और गैस की जरूरतों के एक बड़े हिस्से के लिए. यह इलाका हमारे लिए एक और वजह से भी जरूरी है. लगभग 1 करोड़ भारतीय खाड़ी देशों में रहते और काम करते हैं. वहां कमर्शियल जहाज चलते हैं. भारतीय क्रू मेंबर्स की संख्या भी बहुत ज्यादा है. इन अलग-अलग वजहों से, भारत की चिंताएं स्वाभाविक रूप से ज्यादा हैं. इसलिए, यह जरूरी है कि इस संकट के बारे में पार्लियामेंट से दुनिया तक एक आवाज और आम सहमति पहुंचे.”
पीएम मोदी बोले, “जब से यह युद्ध शुरू हुआ है, प्रभावित देशों में हर भारतीय को मदद दी गई है. मैंने ज्यादातर पश्चिम एशियाई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से 2 बार फोन पर बात की है. सभी ने भारतीयों की सुरक्षा का भरोसा दिया है. संघर्ष के दौरान कुछ लोगों की जान गई है और कुछ घायल हुए हैं. वहां पर भी हमारे मिशन लगातार भारतीयों की मदद करने में लगे हुए हैं. चाहे वहां काम करने वाले भारतीय हों या वहां गए टूरिस्ट, सभी को हर मुमकिन मदद दी जा रही है.”
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर क्या बोले पीएम मोदी
उन्होंने कहा, “जंग शुरू होने के बाद करीब 3,75,000 से ज्यादा भारतीय सुरक्षित वापस लौट आए हैं. होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते बड़ी मात्रा में कच्चा तेल, गैस, फर्टिलाइज़र और कई जरूरी चीजें भारत आती हैं. जब से जंग शुरू हुई है, होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों का आना-जाना बहुत मुश्किल हो गया है. इसके बावजूद, हमारी सरकार ने यह पक्का करने की कोशिश की है कि पेट्रोल, डीजल और गैस की सप्लाई पर ज्यादा असर न पड़े.
Covid की तरह तैयार रहने की जरूरत
PM मोदी ने कहा, “इस युद्ध से दुनिया में जो मुश्किल हालात बने हैं, उनका असर लंबे समय तक रहने की संभावना है, इसलिए हमें तैयार रहना चाहिए और एकजुट रहना चाहिए. हमने COVID के समय में एकता के साथ ऐसी चुनौतियों का सामना किया है और अब हमें फिर से तैयार रहने की जरूरत है.”
