प्रेम प्रसंग बना बवाल: महिला सरपंच के जेठ की सरेआम बेइज्जती, कालिख पोत जूतों की माला पहनाकर बाजार में घुमाया



दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के भांडेर विकासखंड अंतर्गत उनाव ग्राम पंचायत में एक प्रेम प्रसंग से जुड़ी घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि ग्रामीण समाज में दबंगई और जातिगत हिंसा की गंभीर समस्या को भी उजागर किया है।



जानकारी के मुताबिक 19 मार्च को उनाव ग्राम पंचायत की महिला सरपंच किरण वर्मा के भतीजे विशाल के साथ एक विवाहिता अपनी मर्जी से घर से भाग गई। उनाव पुलिस ने अगले दिन महिला को बरामद कर लिया। महिला ने पुलिस को अपना बयान दिया कि वह अपनी मर्जी से गई थी। इस आधार पर पुलिस ने सरपंच पक्ष के किसी भी परिजन पर कोई मामला दर्ज नहीं किया।इससे नाराज महिला के परिजनों (दबंगों) ने कानून अपने हाथ में ले लिया।


उन्होंने सरपंच के जेठ लक्ष्मण प्रसाद वर्मा पर हमला किया। पहले उन्हें जमकर लात-घूसे मारे, फिर मुंह पर कालिख पोती और गले में जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव के बाजार में जुलूस निकाला। इस दौरान मारपीट और अपमान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे (22 मार्च) का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद उनाव पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। थाने में 5 लोगों के खिलाफ एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों पर मारपीट, अपमानजनक व्यवहार और जातिगत हिंसा के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपी पक्ष को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post