ट्रेन में मोबाइल चोरी कर खाते से 4.61 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार



जबलपुर। जबलपुर जीआरपी ने ट्रेन में मोबाइल फोन चोरी कर बैंक खाते से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल के जरिए ऑनलाइन लेनदेन कर पीड़ित के खाते से 4 लाख 61 हजार रुपये निकाल लिए थे।

जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के अनुसार, दिसंबर 2015 में शमीमुल्ला नामक यात्री का मोबाइल ट्रेन यात्रा के दौरान चोरी हो गया था। कुछ दिनों बाद पीड़ित को पता चला कि उसके बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से 4.61 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। इसके बाद उसने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर तीन दिन पहले गाजियाबाद में दबिश दी गई, जहां से मुख्य आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई रकम में से 95 हजार रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि इस वारदात में उसका एक अन्य साथी भी शामिल था, जिसकी तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, निरीक्षक सोनल शुक्ला, प्रधान आरक्षक आनंद यादव, आरक्षक प्रमोद, उमेश, अमित एवं साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सागर उपाध्याय की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post