रांझी के मस्ताना चौक में फूटा गुस्सा: गैस संकट और महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन



जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के रांझी स्थित मस्ताना चौक में रविवार को रसोई गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। कार्यकर्ताओं ने चौक पर गैस सिलेंडर रखकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस कैंट अध्यक्ष एडवोकेट सौरभ सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत बनी हुई है। आम नागरिकों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे उन्हें बार-बार गैस एजेंसियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इसके बावजूद राहत नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि इस संकट के बीच प्रति सिलेंडर करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर देश को ‘विश्वगुरु’ बनाने की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तु की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित न कर पाना शासन-प्रशासन की विफलता को दर्शाता है।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारू नहीं की गई और कीमतों पर नियंत्रण नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

इस प्रदर्शन में सौरभ यादव, राजेश यादव, पूर्व पार्षद मनोज लोधी, एडवोकेट राजेंद्र मिश्रा, रविंद्र कुशवाहा, आशु वत्स, सोनू कुकरेले, इंद्रजीत कुशवाहा और महिला नेत्री रीना विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post