जबलपुर में डीजल चोरी के विरोध में ट्रक चालक की हत्या, पुलिस ने जांच तेज की



जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के टिन्सी रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रक चालक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डीजल चोरी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस के अनुसार तिलगौड़ी, सिवनी निवासी रोहित परते (26) बुधवार को नागपुर से ट्रक (एमएच 49 एटी 7397) में फ्लेक्स पाइप लेकर आ रहा था। रास्ते में टिन्सी रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रक खराब हो गया, जिसके बाद वह वाहन में ही सो गया।

बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक कार में सवार कुछ बदमाश मौके पर पहुंचे और ट्रक के डीजल टैंक का ताला तोड़कर चोरी करने लगे। इसी दौरान आहट सुनकर रोहित जाग गया और उसने विरोध किया। विरोध से बौखलाए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया और उसके सिर पर गंभीर वार किए।

हमले में गंभीर रूप से घायल रोहित को तत्काल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बरगी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया।

रोहित के बहनोई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच में उन अपराधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो पहले भी डीजल चोरी के मामलों में संलिप्त रहे हैं। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post