MP बोर्ड पैटर्न रिजल्ट जारी: 5वीं में 95.14% और 8वीं में 93.83% पास, बेटियों का दबदबा

 


भोपाल। मध्यप्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षाओं का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। मंत्रालय स्थित वल्लभ भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने रिजल्ट जारी करते हुए बताया कि इस वर्ष दोनों कक्षाओं का परिणाम संतोषजनक रहा है और पिछले वर्षों की तुलना में गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है।

इस वर्ष कक्षा 5वीं में 95.14 प्रतिशत और कक्षा 8वीं में 93.83 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। खास बात यह रही कि छात्राओं ने एक बार फिर छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भी शानदार सफलता हासिल कर अपनी क्षमता साबित की है।

बेटियों ने मारी बाजी

मंत्री उदय प्रताप सिंह के अनुसार कक्षा 5वीं में 96.19 प्रतिशत छात्राएं और 94.15 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं कक्षा 8वीं में 94.98 प्रतिशत छात्राएं और 92.74 प्रतिशत छात्र सफल रहे हैं। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

संभाग और जिलों में बेहतर प्रदर्शन

कक्षा 5वीं के परिणामों में शहडोल संभाग ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जिलों में नरसिंहपुर अव्वल रहा। डिंडोरी, बालाघाट, झाबुआ और अलीराजपुर भी शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल रहे।
वहीं कक्षा 8वीं में इंदौर संभाग ने बाजी मारी और जिलों में नरसिंहपुर शीर्ष पर रहा। अलीराजपुर, डिंडोरी और झाबुआ ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

एक क्लिक पर रिजल्ट

राज्य शिक्षा केंद्र की आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट जारी होते ही भारी ट्रैफिक देखने को मिला। प्रति मिनट एक लाख से अधिक यूजर्स ने अपने परिणाम देखे। बेहतर तकनीकी व्यवस्था के कारण लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों को बिना किसी परेशानी के आसानी से रिजल्ट देखने और डाउनलोड करने की सुविधा मिली।

पूरक परीक्षा का मिलेगा मौका

मंत्री ने कहा कि किसी विषय में असफल विद्यार्थियों को निराश होने की जरूरत नहीं है। जल्द ही पूरक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें वे केवल उसी विषय की दोबारा परीक्षा दे सकेंगे, जिसमें वे असफल रहे हैं।

लाखों विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

प्रदेश के 1 लाख 10 हजार 699 शासकीय, निजी विद्यालयों और मदरसों के लगभग 23.68 लाख विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल हुए। इनमें 93 हजार से अधिक विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों से और 17 हजार से अधिक शहरी क्षेत्रों से थे। कक्षा 5वीं में करीब 12.76 लाख और कक्षा 8वीं में 10.92 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post