जबलपुर | जबलपुर में नशा मुक्ति अभियान के तहत तिलवारा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 किलो 781 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख 89 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।
घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला और सीएसपी आशीष कुमार जैन के मार्गदर्शन में तिलवारा थाना पुलिस की टीम ग्राम चूल्हा गोलाई वन चौकी के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान तीन युवक संदिग्ध हालत में बैग लेकर जाते दिखाई दिए।
पुलिस को देखते ही आरोपी नहर के रास्ते जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन टीम की तत्परता से घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम पटेल, शुभम शुक्ला और नीरज डेहरिया के रूप में हुई है।
उड़ीसा से जुड़ा तस्करी का नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह गांजा उड़ीसा के तितलागढ़ निवासी खितिज साहू से खरीदकर लाए थे। आरोपी इस खेप को छोटे-छोटे पैकेट में बांटकर शहर के अलग-अलग इलाकों में खपाने की फिराक में थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास, जगदीश सिंह, जयशंकर चौहान, सुनील परवारी, पिंटू यादव और अभय बघेल की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
