अस्पताल के बाहर मुआवजे को लेकर बवाल, घायल मासूम को रेफर किया गया



जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र के नेपियर टाउन स्थित आदित्य अस्पताल के बाहर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सड़क दुर्घटना में घायल एक बच्चे के परिजन और आरोपित पक्ष आमने-सामने आ गए। मुआवजे को लेकर शुरू हुई बातचीत अचानक विवाद में बदल गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प व हाथापाई की स्थिति बन गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिवनी निवासी 8 वर्षीय बालक शिवा साहू सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए तत्काल जबलपुर के नेपियर टाउन स्थित आदित्य अस्पताल लेकर पहुंचे। इसी दौरान दुर्घटना में शामिल वाहन का मालिक, चालक और उनके परिचित भी अस्पताल पहुंच गए।

अस्पताल परिसर के बाहर मुआवजे को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी, लेकिन कुछ ही देर में यह बातचीत विवाद में तब्दील हो गई। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए झगड़े पर उतर आए और हाथापाई तक की नौबत आ गई।

स्थिति बिगड़ते देख अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मदनमहल पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया।

इधर, अस्पताल में बच्चों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल मासूम को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने एहतियातन दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post