जबलपुर। जिस आंगन में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयों की गूंज सुनाई देने वाली थी, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम का सन्नाटा पसर गया। टेमर भीटा निवासी रवि पटेल के घर में बेटे की शादी की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही थीं। परिवार में खुशियों का माहौल था, पिता की आँखों में बेटे के सेहरा सजाने के सपने थे।
इन्हीं सपनों को साकार करने की खुशी में रवि पटेल अपने सगे-संबंधियों को शादी का निमंत्रण देने घर से निकले थे। लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
बताया जा रहा है कि गढ़ा स्टेशन के पास एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन आखिरकार इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जैसे ही यह दुखद खबर टेमर भीटा गांव पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया। जिस घर से बारात निकलनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, और खुशियों का माहौल पल भर में गम में बदल गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है।
👉 यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलने वाले वाहनों पर सवाल खड़े करता है। आखिर कब तक सड़कें यूं ही अपनों को छीनती रहेंगी?
