शादी की जिद में 150 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक, तीन घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा

 


दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक शादी कराने की जिद लेकर करीब 150 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। करीब तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन और ग्रामीणों की समझाइश पर युवक नीचे उतरा।

घटना बटियागढ़ ब्लॉक के फुटेराकलां गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय गणेश पिता काशीराम पटेल मंगलवार सुबह करीब 8 बजे गांव के पास लगे 33 केवी बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते वह टावर की ऊंचाई तक पहुंच गया, जिसे देख ग्रामीणों के होश उड़ गए।

स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। बताया जा रहा है कि वह शादी कराने की मांग पर अड़ा हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ भी बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली कंपनी के अधिकारियों और प्रशासन को जानकारी दी गई। राहत की बात यह रही कि जिस समय युवक टावर पर चढ़ा, उस दौरान बिजली सप्लाई बंद थी। इसके बाद एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।

करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा रही। पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बिजली विभाग की टीम लगातार युवक को समझाने में जुटी रही। आखिरकार पशुपालन मंत्री लखन पटेल से बात कराने और उसकी मांग सुनने का आश्वासन दिए जाने के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया।

युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद इलाके में यह मामला पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post