बेटी के घर पहुंचे मायके वालों पर तलवार-चाकू से हमला: भाई घायल, मेडिकल में भर्ती

 


जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मांडवा बस्ती में सोमवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अपनी बेटी का हाल जानने पहुंचे मायके पक्ष पर ससुराल वालों ने तलवार और चाकू से हमला कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। हमले में महिला का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय सिदराग्यास अंसारी निवासी टेंडर-1 मांडवा रामपुर की शादी वर्ष 2017 में आजाद हुसैन के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते रहे हैं। बीते दिनों से घर में राशन और खाने-पीने की समस्या को लेकर तनाव और बढ़ गया था।

बताया गया है कि सोमवार रात सिदराग्यास ने अपनी मां नाजरा बेगम को फोन कर बताया कि पति आजाद हुसैन कई दिनों से राशन और सब्जी नहीं ला रहा है, यहां तक कि घर में खाने के लिए भी कुछ नहीं बचा है। बेटी की बात सुनकर मां नाजरा बेगम, भाई आमिर अंसारी और भाभी अमरीन बेगम रात करीब 11 बजे कार से उसके ससुराल पहुंचे।

परिजनों ने समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन बात जल्द ही विवाद में बदल गई। आरोप है कि पति आजाद हुसैन और उसके पिता सज्जाद हुसैन ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों ने तलवार और चाकू निकाल लिए और आमिर अंसारी पर हमला कर दिया। आमिर को बचाने पहुंचीं अमरीन बेगम और नाजरा बेगम के साथ भी मारपीट की गई।

इसी दौरान सिदराग्यास का बड़ा भाई निजामुद्दीन अंसारी और उसका दोस्त मुकीत खान भी बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घर के बाहर शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए घर के अंदर चले गए।

हमले में घायल आमिर अंसारी को स्कूटी से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी पति आजाद हुसैन, सज्जाद हुसैन सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 118(1), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post