जबलपुर। गोसलपुर स्थित रामसागर तालाब में सोमवार शाम हुआ दर्दनाक हादसा पूरे इलाके को गम में डुबो गया। तालाब में नहाने गए तीन दोस्तों में से दो युवक गहरे पानी में समा गए। मंगलवार सुबह चले रेस्क्यू अभियान में एक युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार गोसलपुर थाना क्षेत्र की झुग्गी बस्ती निवासी 19 वर्षीय इरावत, 21 वर्षीय अर्जुन और उनका साथी करण सोमवार शाम रामसागर तालाब में नहाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि काफी देर तक पानी में रहने के दौरान अचानक इरावत का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। इरावत को डूबता देख उसका दोस्त अर्जुन बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के बीच वह भी खुद को संभाल नहीं सका।
कुछ ही पलों में दोनों युवकों को पानी ने अपनी गिरफ्त में ले लिया। यह मंजर देख साथ खड़ा करण घबराकर बस्ती की ओर भागा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग तालाब पहुंच गए। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने भी युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
सूचना पर पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलता रहा, मगर अंधेरा और तालाब की गहराई बाधा बन गई। इसके बाद अभियान रोकना पड़ा।
मंगलवार सुबह दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सुबह करीब 10 बजे अर्जुन का शव तालाब के बीच झाड़ियों में फंसा मिला। शव बाहर आते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं इरावत का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। गोताखोर लगातार तालाब में उसकी तलाश कर रहे हैं।
घटनास्थल पर सिहोरा तहसीलदार रूपेश्वरी कुंजम, नायब तहसीलदार जयभान सिंह उइके समेत पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को रेस्क्यू तेज करने के निर्देश दिए। विधायक ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा भी दिलाया।
