पहले ही दिन विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों-कर्मचारियों से मांगा सहयोग
जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण मुख्यालय का माहौल गुरुवार को लंबे समय बाद बदला-बदला नजर आया। मौका था करीब 7 वर्षों बाद जेडीए अध्यक्ष पद की सक्रिय वापसी का। नवागत जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद शुक्रवार को पहली बार कार्यालय पहुंचकर जिम्मेदारी संभाली।
मुख्यालय पहुंचने पर जेडीए के सीईओ दीपक वैद्य ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कार्यालय परिसर में उत्साह और नई उम्मीदों का माहौल देखने को मिला।
पहली बैठक में अध्यक्ष संदीप जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और प्राधिकरण के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों व विभिन्न योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि शहर का विकास ही उनकी पहली प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग की आवश्यकता होगी।
अध्यक्ष ने संकेत दिए कि आने वाले समय में जेडीए की योजनाओं को गति देने के साथ शहर के अधूरे विकास कार्यों पर भी विशेष फोकस किया जाएगा। लंबे समय बाद अध्यक्ष पद की सक्रियता लौटने से प्राधिकरण के कामकाज में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
