अब “फील्ड वर्क” का बहाना नहीं चलेगा! नगर निगम में गायब कर्मचारियों पर कसा शिकंजा

 

जबलपुर। नगर निगम में वर्षों से चल रही एक बड़ी समस्या पर अब सख्ती शुरू हो गई है। दफ्तर के समय में “फील्ड वर्क” का हवाला देकर घंटों गायब रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर अब कार्रवाई की तलवार लटक गई है। नगर निगम प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू करते हुए साफ कर दिया है कि अब बिना सूचना कार्यालय से नदारद रहने वालों की जिम्मेदारी सीधे विभागीय कार्यालय प्रमुख की होगी।

नई व्यवस्था के तहत हर विभाग प्रमुख को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की मासिक उपस्थिति रिपोर्ट तैयार कर निगम प्रशासन को सौंपनी होगी। यदि कोई कर्मचारी ड्यूटी के समय कार्यालय में नहीं मिलता है, तो संबंधित अधिकारी से जवाब-तलब किया जाएगा।

बायोमैट्रिक सिस्टम से जुड़ेगा वेतन

जबलपुर सहित प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अब आधार सक्षम बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली (एबीएएस) को अनिवार्य किया जा रहा है। कर्मचारियों को फिंगर प्रिंट, चेहरे की पहचान और आंख की पुतली के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करनी होगी।

यदि कोई कर्मचारी बायोमैट्रिक सिस्टम पर हाजिरी नहीं लगाता है, तो उसे अनुपस्थित माना जाएगा। ऐसे मामलों में कार्यालय प्रमुख को उसकी उपस्थिति प्रमाणित कर पोर्टल पर अपडेट करनी होगी। जब तक पोर्टल पर उपस्थिति की अनुमति नहीं मिलेगी, तब तक संबंधित कर्मचारी का वेतन जारी नहीं किया जाएगा।

कागजी हाजिरी का खेल खत्म

नगर निगम में लंबे समय से कागजी रजिस्टरों में हेराफेरी और फर्जी हाजिरी की शिकायतें सामने आती रही हैं। नई डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद अब इस खेल पर रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी-कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचे और अपने कार्य का रिकॉर्ड भी प्रस्तुत करें।

लापरवाह कर्मचारियों पर निगमायुक्त की सख्ती

नगर निगम जबलपुर में कामकाज की संस्कृति सुधारने के लिए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने विशेष अभियान छेड़ दिया है। फील्ड ड्यूटी के नाम पर दफ्तर से बाहर रहने वाले कर्मचारियों की अब लोकेशन और कार्य की पुष्टि की जाएगी।

यदि किसी विभाग में कर्मचारी अनुपस्थित मिलता है, तो सीधे विभाग प्रमुख को नोटिस जारी किया जाएगा। निगम प्रशासन की इस सख्ती का असर अब कार्यालयों में दिखाई देने लगा है और कामकाज की रफ्तार में सुधार की बात कही जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post