जबलपुर। शहर में बुजुर्गों को निशाना बनाकर ठगी और लूट की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ताजा मामला माढ़ोताल थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां दो युवकों ने रिश्तेदार होने का झांसा देकर 75 वर्षीय वृद्ध महिला को अपनी बाइक पर बैठाया और सुनसान इलाके में ले जाकर जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम सूखा हवा चौधरी मोहल्ला निवासी 75 वर्षीय रूकिया बाई चौधरी सुबह करीब 11 बजे करमेता स्थित बिजली कार्यालय बिल जमा करने गई थीं। बिल जमा करने के बाद वह मुख्य सड़क पर ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और बड़े अपनत्व से बोले— “माताराम, आपको हमारी मम्मी बुला रही हैं।”
वृद्ध महिला ने युवकों से कहा कि उनकी मां को वहीं बुला लिया जाए, लेकिन दोनों लगातार उन्हें थोड़ा आगे चलने की बात कहते रहे। कम दिखाई देने और रिश्तेदार होने का भ्रम होने के कारण रूकिया बाई उनकी बातों में आ गईं और बाइक पर बैठ गईं।
आरोप है कि दोनों युवक महिला को बहला-फुसलाकर कटनी-नागपुर नेशनल हाईवे स्थित पाटन बायपास के सुनसान इलाके में ले गए। वहां पहुंचते ही दोनों का असली चेहरा सामने आ गया। आरोपियों ने महिला को धमकाया कि अगर उसने शोर मचाया तो जान से मार देंगे।
डरी-सहमी वृद्धा से आरोपियों ने जबरन सोने का मंगलसूत्र, करीब 6 तोला वजनी चांदी की पायल और 5 तोला चांदी की चूड़ियां उतरवा लीं। इतना ही नहीं, महिला का पर्स भी छीन लिया गया, जिसमें उनकी नातिन की छोटी पायल, चांदी की चेन और 15 हजार रुपये नकद रखे थे।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वृद्ध महिला को सुनसान इलाके में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता ने लोगों की मदद से घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद माढ़ोताल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
माढ़ोताल थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 318(4) और 309(4) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग मिल जाएगा।
