जबलपुर। शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार इन दिनों पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने शहर के कई इलाकों का सघन निरीक्षण कर सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। खास बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जिस पर निगमायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना भी की।
निगमायुक्त ने अपने दौरे की शुरुआत रामपुर शंकर शाह नगर क्षेत्र से की। इसके बाद वे मंडवा बस्ती और सिविल लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर कचरा नहीं मिला और सफाई मित्र पूरी मुस्तैदी के साथ काम करते नजर आए।
उन्होंने क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था भी देखी, जो सुचारू रूप से संचालित होती मिली। निगमायुक्त ने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से नागरिकों को सुरक्षा और सुविधा दोनों मिलती हैं। वहीं जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण करने पर पाया गया कि लोगों को तय समय पर पर्याप्त दबाव के साथ पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि शहर की सुंदरता और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रामपुर, मंडवा और सिविल लाइन क्षेत्र में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली हैं और अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रियता प्रशंसनीय है।
हालांकि निगमायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में यह निरंतरता बनी रहना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए, संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में पहले से तैयारी रखी जाए और प्रकाश व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, संभागीय अधिकारी पंकज अवस्थी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, पोला राव, संभागीय यंत्री अभिषेक तिवारी और अरुण पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
