माढ़ोताल पुलिस ने प्रयागराज निवासी विवाहित युवक को किया गिरफ्तार
जबलपुर। मध्यप्रदेश पुलिस के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद युवती के शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी एक विवाहित युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने शादी का झांसा देकर युवती को जबलपुर बुलाया और उसके साथ दुराचार किया।
पुलिस के अनुसार मंडला निवासी 18 वर्षीय युवती, जिसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, की पहचान करीब एक माह पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से कौशलेंद्र प्रताप सिंह से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और वीडियो कॉल के जरिए भी संपर्क होने लगा। आरोपी ने शुरुआत में खुद को जबलपुर की पीएनबी कॉलोनी का निवासी बताया था।
शादी का भरोसा देकर जबलपुर बुलाया
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी 15 अप्रैल को कार लेकर मंडला पहुंचा और युवती को अपने साथ जबलपुर ले आया। यहां वह उसे माढ़ोताल स्थित एक लॉज में ले गया, जहां उसने युवती की इच्छा के विरुद्ध गलत काम किया। बाद में शादी का झूठा भरोसा देकर 17 अप्रैल को उसे वापस मंडला छोड़ दिया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब 4 मई को युवती अपने रिश्तेदार के घर जबलपुर आई। आरोप है कि आरोपी ने फिर उससे मिलने का दबाव बनाया। युवती द्वारा नंबर ब्लॉक किए जाने पर उसने इंटरनेट कॉल के माध्यम से धमकी दी कि यदि वह मिलने नहीं आई तो उसकी मौसी को जान से मार देगा।
डर के कारण युवती आरोपी के किराए के मकान पहुंची, जहां उसके साथ दोबारा दुराचार किया गया।
शिकायत मिलते ही पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर माढ़ोताल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार रात आरोपी कौशलेंद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और जबलपुर में किराए के मकान में रह रहा था।
.jpg)