पार्टी में शुरू हुआ विवाद, सड़क पर खत्म हुई ज़िंदगी… मदन महल में युवक की चाकू मारकर हत्या



जबलपुर। शहर के मदन महल थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देर रात तक पुलिस व स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुटी रही। मृतक की पहचान तीन पत्ती चौक स्थित रोहाणी ट्रेवल्स के सामने रहने वाले कपिल प्यासी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार शादी सीजन समाप्त होने के बाद टेंट, डीजे और ट्रांसपोर्ट से जुड़े कर्मचारियों के लिए एक पार्टी आयोजित की गई थी। यह पार्टी मदन महल क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में चल रही थी। बताया जा रहा है कि होटल के पीछे कुछ युवक शराब पी रहे थे, तभी वहां मौजूद अतुल प्यासी और कपिल प्यासी का कुछ युवकों से विवाद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शराब के नशे में गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद अतुल और कपिल वहां से अपने घर लौटने के लिए निकल गए।

लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि जिन युवकों से रेस्टोरेंट के पीछे कहासुनी हुई थी, उन्होंने बाइक से दोनों का पीछा किया और तीन पत्ती स्थित यूको बैंक के पास एक रेस्टोरेंट के सामने उन्हें रोक लिया। यहां दोबारा विवाद शुरू हुआ और आरोपियों ने कपिल प्यासी पर चाकू से हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि कपिल को कमर के नीचे चाकू मारा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना देर रात करीब डेढ़ बजे से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

शराब, गुस्सा और हिंसा… फिर एक परिवार उजड़ गया

शहर में छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा अब चिंता का विषय बनती जा रही है। मामूली विवाद से शुरू हुए झगड़े का हत्या में बदल जाना इस बात का संकेत है कि युवाओं में आक्रोश और अपराध का स्तर लगातार खतरनाक होता जा रहा है। एक रात की बहस ने एक परिवार से उसका बेटा छीन लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post